रात का खाना कितने बजे तक खा लेना चाहिए? डॉक्टर से जानें सही समय पर खाना क्यों जरूरी है

रात का खाना कितने बजे तक खा लेना चाहिए? डॉक्टर से जानें सही समय पर खाना क्यों जरूरी है

  आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और नाइट लाइफ में खान-पान का सही तरह से ध्यान रखना बहुत जरूरी है। रात का खाना सिर्फ दिनभर की भूख मिटाने का जरिए नहीं है, बल्कि यह हमारी सेहत के लिए बहुत अहम होता है। हम अक्सर रात में क्या खाएं इस बारे में ही सोचते हैं, लेकिन कब और कितने बजे खाना चाहिए इस बात का ध्यान भी रखना बहुत जरूरी है। रात को सही समय पर खाना खाने से न सिर्फ पाचन बेहतर रहता है, बल्कि यह नींद और मानसिक स्वास्थ्य को भी अच्छा रखता है। 

  रात का खाना खाने का सही समय क्या है?
 रात का खाना खाने का सबसे अच्छा समय सूरज ढलने के तुंत बाद यानी शाम 6:30 बजे से रात 8:00 बजे के बीच होना चाहिए। आसान शब्दों में कहें तो सोने से कम से कम 3 घंटे पहले आपका डिनर पूरा हो जाना चाहिए। अगर आप रात 10:30 या 11 बजे सोते हैं, तो आपको हर हाल में 7:30 या 8:00 बजे तक अपना खाना खा लेना चाहिए।
 सोने से 3 घंटे पहले खाना क्यों जरूरी है?
 जब आप रात को खाना खाते हैं तो आपका शरीर उस भोजन को पचाने की प्रक्रिया शुरू करता है। भारी भोजन को पूरी तरह पचने में कम से कम 3 से 4 घंटे का समय लगता है। अगर आप खाना खाते ही सोने चले जाते हैं तो आपके शरीर की एनर्जी, जो रात में सेल्स को रिपेयर करने और दिमाग को आराम देने में लगनी चाहिए थी, सिर्फ पाचन क्रिया को ठीक करने में लगती है।साल 2021 में Nutrients जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, हेल्दी व्यक्ति को रात का खाना सोने से 3 घंटे पहले करने से ब्लड शुगर का लेवल कंट्रोल में रहता है, फैट बर्निंग बढ़ता है, इंसुलिन रेजिस्टेंस और खाली पेट इंसुलिन के लेवल को कम करने में भी मदद मिलती है।
 सही समय पर डिनर करने के फायदे
 1. एसिडिटी और ब्लोटिंग से राहत
जब आप खाकर तुरंत लेट जाते हैं तो पेट का एसिड ऊपर भोजन नली की तरफ जाने लगता है। इसे मेडिकल की भाषा में गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज (GERD) या एसिड रिफ्लक्स भी कहते हैं। सही समय पर खाना खाने से भोजन पेट से आगे बढ़ जाता है, जिससे सीने में जलन, पेट फूलना और खट्टी डकारों की समस्या नहीं होती है।
 2. ब्लड शुगर और इंसुलिन कंट्रोल
रात के समय हमारे शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी कम हो जाती है। देर रात कार्बोहाइड्रेट से भरपूर भोजन करने से ब्लड शुगर लेवल अचानक बढ़ता है। जो मरीज डायबिटीज से पीड़ित हैं या प्री-डायबिटीक हैं, उनके लिए 8 बजे से पहले खाना खा लेना जरूरी है।
 3. वजन और फैट मैनेजमेंट
रात में हमारा मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। अगर हम देर से भारी खाना खाते हैं तो शरीर उस कैलोरी का इस्तेमाल नहीं कर पाता है और वह फैट के रूप में जमा होने लगती है, खासकर पेट के आसपास। समय पर खाने से वजन कंट्रोल में रखना आसान हो जाता है।
 4. गहरी और अच्छी नींद
जब आपका पेट भोजन पचाने के लिए लगातार मेहनत कर रहा होता है तो आपकी नींद बार-बार टूट जाती है। समय पर डिनर करने से खाना अच्छी तरह पच जाता है, जिससे शरीर आराम की स्थिति में चली जाती है और आपको अच्छी नींद आती है।
 5. दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
देर रात भारी भोजन करने से रात के समय ब्लड प्रेशर और ट्राइग्लिसराइड्स का लेवल बढ़ सकता है। शाम को हल्का और समय पर भोजन करने से दिल पर कम प्रेशर पड़ता है और दिल की बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।
 खाने में देर हो जाए तो क्या करना चाहिए?
  आजकल की व्यस्त लाइफस्टाइल और शिफ्ट ड्यूटी के कारण हर किसी के लिए रात 8 बजे तक भोजन करना संभव नहीं होता है। अगर किसी दिन आपको देर हो जाती है तो इन बातों का ध्यान रखें:
-हल्का भोजन करें: देर रात कभी भी भारी, तला-भुना या ज्यादा कार्बोहाइड्रेट वाला भोजन करने से बचें। देर रात खाने में खिचड़ी, सूप, उबली सब्जियां या दलिया शामिल करें।
-वॉक जरूर करें: रात को खाना खाने के तुरंत बाद सोने से बचना चाहिए। कम से कम 15 से 20 मिनट तक हल्की गति से टहलें।
-पानी का ध्यान रखें: खाने के तुरंत बाद ज्यादा पानी पीने से बचना चाहिए। गुनगुना पानी थोड़ी देर बाद पिएं।
-कैफीन से बचें: देर रात चाय, कॉफी या सॉफ्ट ड्रिंक्स पीने से बचें, क्योंकि यह पाचन और नींद दोनों को प्रभावित करती हैं।
 देर रात भूख लगे तो क्या खाएं?
देर रात तेज भूख लगने पर हल्के, कम कैलोरी वाले और आसानी से पचने वाले फूड्स का सेवन करना चाहिए, जिसमें भुने मखाने, एक गिलास गुनगुना दूध या थोड़े से ड्राई फ्रूट्स शामिल हैं।
निष्कर्ष
  रात में 8 बजे से पहले भोजन करना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। शुरुआत में 2 -3 दिन आपको मुश्किल हो सकती है, लेकिन धीरे-धीरे सही समय पर खाने की आदत हो जाती है। सही समय पर खाना खाने से शरीर को एनर्जी मिलती है, पाचन बेहतर रहता है और नींद भी बेहतर होती है।