तालपुरी में हरेली महोत्सव की धूम, छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक छटा के बीच गेड़ी दौड़ में दिखा जोश

तालपुरी में हरेली महोत्सव की धूम, छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक छटा के बीच गेड़ी दौड़ में दिखा जोश

-टी सहदेव
 भिलाई नगर। छत्तीसगढ़ की पहली तिहार हरेली के अवसर पर तालपुरी बी ब्लॉक स्थित न्यू क्लब हाउस में बुधवार को हरेली महोत्सव का शानदार आयोजन किया गया। हमर संगवारी ग्रुप की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और लोक उत्सव की झलक देखने को मिली। आयोजन को लेकर तालपुरीवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जहां एक्सपो मेले की कमान कीर्ति लता वर्मा और अनीता मनीष सोनी ने संभाली, वहीं स्टाल बुकिंग की जिम्मेदारी योगिता देवांगन, सुनीता चंद्राकर और दीपाली वर्मा ने अपने हाथों में ली।
पारंपरिक व्यंजनों का लिया लुत्फ
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे क्लब हाउस हॉल में एक्सपो मेले से हुई । मेले में राखी, कांसा के कपड़े, ज्वेलरी, साड़ी-सूट सहित विभिन्न वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए। यह मेला देर शाम तक चला। शाम को हरेली एवं कृषि औजारों की पूजा की गई। इसके बाद छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पकवानों के साथ आनंद मेला आयोजित हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और खान-पान को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। आयोजकों ने बताया कि हरेली महोत्सव का उद्देश्य पारंपरिक पर्व को उत्साहपूर्वक मनाने के साथ नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। आनंद मेले में स्टॉल लगाने के इच्छुक लोगों के लिए पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर व्यवस्था की गई।
गेड़ी दौड़ रही प्रमुख आकर्षण
महोत्सव में खेलकूद गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इनमें गेड़ी दौड़ प्रमुख आकर्षण रही। गेड़ी दौड़ में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने अपना दमखम दिखाया, जिसमें पुरुष वर्ग में आरके बघेल प्रथम, देव नारायण द्वितीय और रवींद्र साहू तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में सुमन साहू अव्वल रहीं, जबकि कविता सिन्हा को दूसरा स्थान और त्रिवेणी गायकवाड़ को तीसरा स्थान पाने में सफलता मिली। वहीं बालिका वर्ग में कुहू सिन्हा और अदिति कुमारी क्रमशः प्रथम तथा द्वितीय रहीं। दूसरी तरफ नारियल फेंक प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए सबसे ज्यादा महिलाओं ने अपने नाम दर्ज कराए, लेकिन यह प्रतियोगिता बारिश की भेंट चढ़ गई।