सेवा सेतु से आसान हुई नाम संशोधन की प्रक्रिया, योजनाओं का लाभ मिलने की खुली राह

सेवा सेतु से आसान हुई नाम संशोधन की प्रक्रिया, योजनाओं का लाभ मिलने की खुली राह
-आधार में गलत नाम के कारण हो रही थी परेशानी, अब ऑनलाइन सुविधा से मिली राहत
 रायपुर। सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों के लिए सरकारी योजनाओं और प्रमाण-पत्रों की प्रक्रिया को बेहद सरल बनाता है। अब लोग घर बैठे मोबाइल या ऑनलाइन माध्यम से आय, निवास, विवाह पंजीयन व अन्य जरूरी सेवाएं तय समय-सीमा में प्राप्त कर सकते हैं, जिससे कार्यालयों के चक्कर काटने की जरूरत खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सेवा सेतु पहल नागरिकों के लिए बड़ी राहत बनकर उभर रही है। इस पहल का उद्देश्य लोगों को घर के नजदीक सरल, सुगम और पारदर्शी शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। दंतेवाड़ा जिले की निवासी श्रीमती धिन्नो कड़ियामी को भी इस पहल का सीधा लाभ मिला है।  आधार कार्ड में नाम गलत दर्ज होने के कारण श्रीमती धिन्नो कड़ियामी को लंबे समय से विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने में कठिनाई हो रही थी। महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं की राशि भी उनके खाते में नहीं पहुंच पा रही थी। पहले आधार कार्ड में नाम सुधार कराने के लिए राजपत्र (गजट) में नाम प्रकाशित कराना आवश्यक था। इसके लिए दस्तावेज जमा करने राजनांदगांव जाना पड़ता था, जिससे समय, धन और श्रम तीनों की काफी हानि होती थी।
  सेवा सेतु के माध्यम से अब यह सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध हो गई है। श्रीमती धिन्नो कड़ियामी ने आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर राजपत्र में नाम संशोधन की प्रक्रिया शुरू कराई। इससे राजपत्र में नाम प्रकाशित होने की प्रक्रिया सरल हुई और आधार कार्ड में नाम सुधार का रास्ता भी आसान हो गया। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु की ऑनलाइन सुविधा से उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली है। अब पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी हो गई है।  श्रीमती धिन्नो कड़ियामी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु जैसी पहल दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद उपयोगी है। इससे समय और धन की बचत होने के साथ-साथ शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी आसान हुई है। यह सफलता की कहानी बताती है कि सेवा सेतु पहल आम नागरिकों तक शासकीय सेवाएं सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है तथा जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।