अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन कर बात की

अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन कर बात की

नयी दिल्ली. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन किया और प्रमुख क्षेत्रों में भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। मोदी ने वेंस और उनकी पत्नी उषा को उनके बेटे के जन्म पर बधाई दी।
प्रधानमंत्री मोदी को वेंस का यह फोन तुर्किये, सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच आपसी रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद आया है। इस समझौते को पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच एक नए क्षेत्रीय गठबंधन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से फोन पर बात हुई। हमने प्रमुख क्षेत्रों में भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।'' मोदी ने कहा, ''मैंने वेंस और उनकी पत्नी को उनके बेटे के जन्म पर बधाई दी तथा पूरे परिवार को शुभकामनाएं दीं।'' अमेरिकी पक्ष ने अभी तक बातचीत के बारे में कोई विवरण नहीं दिया है।