लेखा प्रशिक्षण सत्र 2026-27 अंतर्गत संभागीय वित्त एवं लेखा प्रशिक्षण संस्थान दुर्ग में आवेदन आमंत्रित 30 सितंबर तक
दुर्ग. प्राचार्य, संभागीय वित्त एवं लेखा प्रशिक्षण संस्थान, दुर्ग (कलेक्ट्रेट परिसर के पीछे, पेंशन कार्यालय) द्वारा आगामी लेखा प्रशिक्षण सत्र नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह आवेदन प्रक्रिया 30 सितंबर 2026 तक संचालित रहेगी। छत्तीसगढ़ शासन वित्त विभाग और संचालनालय कोष, लेखा एवं पेंशन छत्तीसगढ़ से प्राप्त निर्देशों के अनुसार, यह प्रशिक्षण लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। दिशानिर्देशों के तहत ऐसे लिपिक वर्गीय कर्मचारी, जिनकी पदस्थापना लिपिकीय संवर्ग के पद पर हुई है (तकनीकी संवर्ग को छोड़कर) और जिन्होंने 3 वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर ली है, वे इसके पात्र होंगे। अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों में अभ्यर्थियों के लिए कौशल परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य रखा गया है। संबंधित कार्यालय प्रमुखों को निर्धारित प्रपत्र में पूर्ण रूप से भरे आवेदन पत्र कार्यालयीन समय में 30 सितंबर 2026 तक संभागीय वित्त एवं लेखा प्रशिक्षण संस्थान, दुर्ग में प्रस्तुत करने कहा गया है। संस्थान द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि के पूर्व या पश्चात प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन केवल विज्ञप्ति के साथ संलग्न छायाप्रति (स्वीकार्य) मानक आवेदन पत्र पर ही स्वीकार किए जाएंगे।