अमृत सरोवरों के तट पर मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

अमृत सरोवरों के तट पर मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
-पौधारोपण, जल संरक्षण और ‘विकसित भारत-जी राम जी योजना’ की दी गई जानकारी
 रायपुर ।स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले में राष्ट्रप्रेम के साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। शासन के निर्देशानुसार जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्मित अमृत सरोवरों के तट पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। इन आयोजनों में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह के दौरान अमृत सरोवर स्थलों पर ध्वजारोहण के साथ पौधारोपण, स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व की जानकारी देते हुए वर्षा जल को सहेजने, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित करने का संदेश दिया गया।
 कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को ‘विकसित भारत-जी राम जी योजना’ के उद्देश्यों और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण तथा गांवों के समग्र विकास में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के साथ-साथ गांव के विकास, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
 स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों में देशभक्ति गीत, तिरंगा यात्रा, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित विविध सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन आयोजनों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी से जोड़ते हुए राष्ट्रप्रेम के साथ जल, पर्यावरण और ग्रामीण विकास के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।