नशा मुक्त युवा शपथ केटीयू नशा मुक्त परिसर
रायपुर/ कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में 'नशा मुक्त युवा अभियान' के अंतर्गत रविवार को शपथ ग्रहण किया गया और उपस्थित जनसमूह ने नशा मुक्त रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो मनोज दयाल ने युवाओं से जीवन में अनुशासन, आत्मसंयम एवं सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' की प्रसिद्ध पंक्ति "जब नाश मनुष्य पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है" का उल्लेख करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के विवेक, परिवार और भविष्य—तीनों को नष्ट कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल का भी संयमित एवं सार्थक उपयोग करने का आग्रह किया तथा विश्वविद्यालय परिसर को पूर्णतः नशा मुक्त कैंपस बनाने की घोषणा की।
कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि जीवन में किसी भी प्रकार का निवेश करने से पहले उसका आर्थिक एवं सामाजिक विश्लेषण अवश्य करना चाहिए। नशे की शुरुआत क्षणिक सुख के लालच से होती है, लेकिन कब यह आदत लत में बदल जाती है, इसका पता नहीं चलता।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष पंकज नयन पांडेय, डॉ नृपेन्द्र शर्मा, डॉ राजेन्द्र मोहंती सहित अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने 'नशा मुक्त भारत' के निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन डॉ. शैलेन्द्र खंडेलवाल ने किया।