सेवा संकल्प कार्यक्रम- निगम वाहन शाखा में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना
0- महापौर, आयुक्त एवं सभापति हुए शामिल
भिलाई। शासन के निर्देशानुसार आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत नगर पालिक निगम भिलाई की वाहन शाखा परिसर में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर नीरज पाल, निगम आयुक्त सुरूचि सिंह, सभापति गिरवर बंटी साहू, महापौर परिषद सदस्य सीजू एंथोनी सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर, निगम आयुक्त एवं सभापति सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर शहर की सुख-समृद्धि तथा निगम परिवार के मंगलमय जीवन की कामना की। साथ ही निगम के वाहनों एवं विभिन्न मशीनरी के सुचारू, सुरक्षित एवं निर्बाध संचालन के लिए भगवान विश्वकर्मा से आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजा-अर्चना के उपरांत उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में निगम के वाहन शाखा से जुड़े कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस दौरान सभी के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प, तकनीक एवं यांत्रिकी का देवता माना जाता है। निगम की वाहन शाखा में आयोजित इस पूजा-अर्चना के माध्यम से कर्मचारियों ने अपने कार्यक्षेत्र में सुरक्षित एवं सुचारू कार्य संचालन, वाहनों एवं मशीनरी की बेहतर कार्यक्षमता तथा शहर की सेवा व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के लिए भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
--