सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर निकली सद्भावना एवं एकता पदयात्रा
स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का भी हुआ आयोजन
बिलासपुर/भारत के लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ बिलासपुर द्वारा सद्भावना एवं एकता पदयात्रा तथा एकता दौड़ का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा सेजेस उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालक सरकंडा से प्रारंभ होकर रामसेतु तक निकाली गई। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थाओं से 55 स्काउट, 60 रोवर, 123 गाइड, 58 रेंजर तथा 40 स्काउटर एवं गाइडर सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल हुए। इस प्रकार कुल 396 स्काउटिंग परिवार के सदस्यों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ बिलासपुर द्वारा सेजेस उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालक सरकंडा में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को साइन ,सैल्यूट, स्काउटिंग एवं गाइडिंग का इतिहास, स्काउटिंग की पुस्तकों का ज्ञान, प्राथमिक उपचार, स्काउटिंग के नियम, प्रतिज्ञा, उद्देश्य एवं आदर्श वाक्य सहित विभिन्न आवश्यक गतिविधियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान में आयोजित एडवेंचर शिविर में सम्मिलित हुए स्काउट एवं गाइड प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किट का वितरण भी किया गया।
शिविर संचालन स्काउट विभाग से श्री महेन्द्र बाबू टंडन, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) तथा गाइड विभाग से श्रीमती बीना यादव, संयुक्त राज्य सचिव द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री विजय कुमार यादव, सहायक राज्य आयुक्त (स्काउट) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री भूपेन्द्र शर्मा, सहायक राज्य आयुक्त तथा डॉ. भारती दुबे, राज्य मुख्यालय आयुक्त (गाइड) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राजेन्द्र कुमार साहू ने की। इस अवसर पर श्रीमती आरती राय, जिला आयुक्त (गाइड), श्री तुकेश्वर यादव, जिला मुख्यालय आयुक्त (स्काउट) तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री पी. मंडल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
शिविर संचालन में स्काउट विभाग के सहयोगी संचालक श्री संतोष त्रिपाठी, डॉ. प्रदीप निर्णेजक, श्री संतोष तबोली, श्री राजेन्द्र कौशिक, श्री सुरेश साहू, श्री बांके बिहारी दुबे, श्री शत्रुहन सूर्यवंशी, श्री नवीन यादव एवं श्री अनिल सोनवानी का योगदान रहा। गाइड विभाग के शिविर संचालन में सहयोग श्रीमती कल्पना सिंह,श्रीमती माधुरी यादव,श्रीमती किरण बाला पाण्डेय, डॉ. भारती दुबे, सुश्री लता यादव,श्रीमती स्वाति हार्डिकर, श्रीमती अपर्णा सारखेल, श्रीमती रश्मि रानी तिवारी, श्रीमती रागिनी चौधरी, श्रीमती रत्ना दास,एवं श्रीमती पुष्पा शर्मा, डॉ.शीला शर्मा द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के एकता एवं अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सद्भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित किया गया।