परम्परागत रूप से खेती - किसानी का काम बंद कर मनाया मंगल त्यौहार
रायपुर । ग्राम टेकारी ( कुंडा ) में परम्परागत रूप से खेती - किसानी का काम बंद रख आज मंगलवार को मंगल त्यौहार मनाया गया । अपराह्न में बजरंग बली मंदिर में पूजा पाठ व हवन का कार्यक्रम समस्त ग्रामवासियों द्वारा संपादित किया गया।
ज्ञातव्य हो कि ग्राम टेकारी में भादो मास के किसी भी एक मंगलवार को ग्राम के सुखद भविष्य की कामना ले यह त्यौहार सामूहिक रूप से खेती - किसानी का काम बंद रख मनाया जाता है और बजरंग बली मंदिर में पूजा पाठ व हवन का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है । ग्रामीणों को नहीं मालूम कि यह परम्परा कब से चला आ रहा है पर वे कई पीढ़ियों से परम्परागत रूप से यह आयोजन चले आने की जानकारी देते हैं ।इस वर्ष भादो मास के अंतिम मंगलवार को जो आज 22 सितंबर को पड़ा ,मे मनाने का निर्णय ग्रामीण सभा द्वारा लिया गया था । ग्रामीणों की सामूहिक भागीदारी व उत्तरदायित्व को बनाये रखने प्रत्येक परिवार से राशि एकत्रित की जाती है । इस वर्ष प्रति राशनकार्ड 20 रुपये की राशि निर्धारित की गयी थी जिसे संबंधित वार्ड के पंचों के माध्यम से एकत्रित किया जाता है और ग्रामवासी स्वेच्छा से यह राशि देते हैं जिसका उपयोग मंगल त्यौहार के आयोजन में किया जाता है और प्रति वर्ष ग्रामीण सभा की बैठक में इसका हिसाब - किताब रखा जाता है । आयोजन में ग्रामीणों ने सक्रियता दिखलायी और पूजा पाठ व हवन में बढ़ चढ़कर भाग लिया । इसके साथ ही बजरंग बली मंदिर में व्यक्तिगत रूप से नारियल फोड़ने की भीड़ लगी रही और इन नारियलों का आधा हिस्सा उसे वापस लौटा आधे हिस्से को सामूहिक प्रसाद के रूप में परम्परानुसार उपयोग किया गया ।