भगवान श्रीराम के अयोध्‍या लौटने का प्रसंग जीवंत

भगवान श्रीराम के अयोध्‍या लौटने का प्रसंग जीवंत

0- महाराष्‍ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल में बच्‍चों ने सांस्‍कृतिक प्रस्‍तुतियों के साथ धूमधाम से मनाया दिवाली उत्‍सव
रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल में गुरुवार सुबह विशेष प्रार्थना सभा के साथ दिवाली उत्‍सव का विशेष आयोजन किया गया। स्‍कूल के वीर छत्रपति शिवाजी हाउस की ओर से आयोजित कार्यक्रम का संचालन बिस्वजीत परिडा ने किया। निदा सुल्तान और आशा जैन के मार्गदर्शन में दीपावली उत्‍सव में बेहतरीन नाट्य प्रस्‍तुति के साथ कई ज्ञानवर्धक जानकारियां भी दी गईं। 
शिक्षिका आशा जैन के बताया कि शिवाजी हाउस के बच्‍चों ने पहले तो दीपावली के महत्व और सांस्कृतिक परंपराओं पर प्रकाश डाला गया। भगवान श्रीराम के 14 वर्षों के वनवास के पश्चात अयोध्या लौटने के प्रसंग को सुंदर नाटक के माध्यम से प्रस्‍तुत किया। इसमें श्रीराम की भूमिका समर्थ नाथवानी, लक्ष्मण दुष्यंत रेगे, माता सीता उमा निर्मलकर और हनुमान की भूमिका ओजस सेन ने बखूबी निभाई। 
इसके अलावा कनिका, मिष्ठी, दिव्या और हिमानी ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया। पूरी सभा दीपावली के उल्लास, सांस्कृतिक मूल्यों और सकारात्मक संदेश से सराबोर रही। बच्‍चों को दिवाली पर सुरक्षा को लेकर विशेष ध्‍यान देने कहा गया। साथ ही कम से कम पटाखे फोड़कर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्‍प चरितार्थ करने का पाठ पढ़ाया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान से हुआ। बताते चलें कि शुक्रवार से शालाओं में दिवाली अवकाश शुरू हो रहे हैं।